GlobelNational

गहलोत ने जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर किया नमन

जयपुर, 27 मई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। राजस्थान के मुख्यमन्त्री अशोक गहलोत ने भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की 57वीं पुण्यतिथि पर आज उन्हें नमन किया। श्री गहलोत ने कहा कि स्वतंत्र भारत के नवनिर्माण के सूत्रधार, विश्वस्तरीय सर्वश्रेष्ठ संस्थानों के शिल्पकार, आधुनिक भारत के निर्माता, देश के प्रथम प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर शत-शत नमन। उन्होंने कहा कि आजाद भारत के सामने अनेक चुनौतियाँ थी। देश को शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार, आधारभूत संरचना, कृषि, उद्योग, सामाजिक उत्थान यानी सभी क्षेत्रों में संरक्षण चाहिए था। पंडित नेहरू ने देश की सभी समस्याओं को एक अवसर में तब्दील किया और आज जो भारत हम देख रहे हैं उसकी बुनियाद भी रखी। उन्होंने कहा कि राजस्थान को अतिरिक्त गर्व इस बात का भी है कि भारत में पंचायती राज की स्थापना पंडित नेहरू ने राजस्थान के नागौर जिले में 2 अक्टूबर 1959 को की थी। उनकी पुण्यतिथि पर भारत निर्माण में भागीदारी निभाने की प्रतिबद्धता को हम दोहराते हैं। विधानसभा अध्यक्ष डा सी पी जोशी ने भी पंडित नेहरू की पुण्यतिथि पर उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि एवं नमन किया। पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पंडित नेहरु को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई में अग्रणी भूमिका निभाने के साथ-साथ भारत के नवनिर्माण में पंडित नेहरू ने जो योगदान दिया उसके लिए राष्ट्र सदैव उनका ऋणी रहेगा। इसी तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं शिक्षा मंत्री गोविंद सिंह डोटासरा, कृषि मंत्री लालचंद कटारिया तथा परिवहन मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास तथा अन्य कई कांग्रेस के नेताओं ने पंडित नेहरू को नमन किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker