कोविंद और नायडू ने दी देशवासियों को बकरीद की शुभकामनाएं

नई दिल्ली, 11 अगस्त (सक्षम भारत)। राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद और उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने रविवार को ईद-उल-अजह की पूर्व संध्या पर देशवासियों को शुभकानाएं दी और इस त्योहार को साझी संस्कृति का प्रतीक बताया।
श्री कोविंद ने अपने सन्देश में कहा कि वह ईद-उल-अजह के अवसर पर देश और विदेश में रहने वाले नागरिकों विशेषकर मुस्लिम भाईयों और बहनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हैं। उन्होंने कहा कि यह त्यौहार प्रेम और भाई चारे तथा मानवता का प्रतीक है। हमें इसके सार्वभौमिक मूल्यों और साझी संस्कृति का पालन करना चाहिए।
श्री नायडू ने कहा कि इस त्योहार से लोग एक दूसरे के निकट आयेंगे और देश में शांति तथा सौहार्द मजबूत होगा और समृद्धि आयेगी। उन्होंने कहा कि यह पर्व बलिदान का त्योहार है जो पारंपरिक तरीके से देश और दुनियां भर में मनाया जाता है यह त्योहार एकता, दया, भाईचारे के अलावा त्याग और समपर्ण को प्रतिबिंबित करता है। गौरतलब है कि देश में सोमवार को बकरीद मनाई जा रही है।