लंदन में भारतीय उच्चायोग के समक्ष पाक प्रेरित तत्वों के अराजक प्रदर्शन को भारत ने अस्वीकार्य बताया

नई दिल्ली, 04 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। विदेश मंत्रालय ने ब्रिटिश पाकिस्तानी समूहों द्वारा जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किए जाने के खिलाफ भारतीय उच्चायोग के समक्ष अराजक प्रदर्शन एवं तोड़फोड़ पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए ऐसी घटनाओं को अस्वीकार्य करार दिया और ब्रिटिश सरकार से इन घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने अपने बयान में कहा, हम पाकिस्तान प्रेरित तत्वों के अराजक प्रदर्शन और लंदन में भारतीय उच्चायोग की संपत्ति पर संगठित तोड़फोड़ की खबरों पर गहरी चिंता व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि एक महीने से भी कम समय में यह दूसरी ऐसी घटना घटी है जो सुरक्षा और हमारे मिशन के कामकाज को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा, हम ऐसी घटनाओं को अस्वीकार्य मानते हैं और ब्रिटेन की सरकार से ऐसी घटनाओं में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह करते हैं। प्रवक्ता ने कहा कि हम मिशन के कामकाज के सामान्य तरीके से संचालन एवं हमारे कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में जरूरी कदम उठाने का भी आग्रह करते हैं। गौरतलब है कि जम्मू कश्मीर का विशेष दर्जा समाप्त किए जाने के खिलाफ ब्रिटिश पाकिस्तानी समूहों के नेतृत्व में काफी संख्या में प्रदर्शनकारी लंदन में भारतीय उच्चायोग के सामने एकत्र हुए। इस दौरान हुयी झड़प के बाद दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। यह मार्च मंगलवार को यहां पार्लियामेंट स्क्वायर से शुरू हुआ और इंडिया हाउस की ओर बढ़ा। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने भारत विरोधी नारे लगाए। उन्होंने भारत विरोधी तख्तियां भी ले रखी थीं।