Entertainment

शाह, नड्डा सहित कई नेताओं ने दी भूपेन हजारिका को श्रद्धांजलि

नई दिल्ली, 08 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे. पी. नड्डा सहित कई अन्य नेताओं ने बृहस्पतिवार को गायक भूपेन हजारिका की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और संगीत व कला के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया।

भारत रत्न से सम्मानित हजारिका का जन्म आठ सितंबर 1926 को असम के सादिया में हुआ था।

शाह ने ट्वीट किया, ‘‘मैं बेहतरीन आवाज के धनी भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका को उनकी जयंती पर नमन करता हूं। अपने बहुमुखी और मंत्रमुग्ध करने वाले गीतों से उन्होंने भारतीय संगीत और असमिया लोक संस्कृति को दुनिया भर में लोकप्रिय बनाया। संगीत और कला की दुनिया में उनका योगदान सराहनीय है।’’

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नड्डा ने ट्वीट किया, ‘‘मैं भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। वह एक बेहतरीन संगीतकार थे जिन्हें भारतीय और असमिया संगीत में उनके अमूल्य योगदान के लिए हमेशा याद किया जाएगा। वह अपने शानदार गीतों से कई दिलों में हमेशा हमेशा के लिए बस गए….।’’

केंद्रीय बंदरगाह, नौवहन और जलमार्ग मंत्री एवं असम के पूर्व मुख्यमंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने कहा कि हजारिका ने अपने गीतों के जरिए सीमा पार तक मानवता और भाईचारे का संदेश पहुंचाया।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘भारत रत्न, डॉ. भूपेन हजारिका को उनकी जयंती पर मेरी श्रद्धांजलि।’’

केंद्रीय कानून और न्याय मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा कि हजारिका हमेशा लोगों के दिलों में रहेंगे।

अरुणाचल प्रदेश पर तैयार किए गए हजारिका के गीत को साझा करते हुए उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘महान संगीतकार डॉ. भूपेन हजारिका की जयंती पर मैं उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भूपेन दा हमेशा हमारे साथ रहेंगे। यह अरुणाचल प्रदेश के बारे में भूपेन दा द्वारा बनाए गए कई खूबसूरत गीतों में से एक है।’’

रीजीजू अरुणाचल प्रदेश से नाता रखते हैं।

हजारिका एक पार्श्व गायिका, संगीतकार, गीतकार, कवि, अभिनेता और फिल्म निर्माता थे। उन्हें 1975 में संगीत निर्देशन के लिए राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार, 1977 में पद्मश्री, 1987 में संगीत नाटक अकादमी पुरस्कार, 1992 में दादा साहब फाल्के पुरस्कार और 2001 में पद्म भूषण दिया गया।

वह करीब पांच साल तक संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष भी रहे।

हजारिका का निधन पांच नवंबर 2011 को हुआ था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker