Cricket

अदालत ने बलात्कार के आरोपी गुणतिलका को जमानत देने से इनकार किया

सिडनी, 07 नवंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। टी20 विश्व कप के दौरान एक महिला के साथ बलात्कार के आरोप में गिरफ्तार किए गए श्रीलंकाई क्रिकेटर धनुष्का गुणतिलका को सोमवार को एक स्थानीय अदालत ने जमानत देने से इनकार कर दिया। गुणतिलका ने स्थानीय अदालत के सरी हिल्स विभाग में एक वीडियो लिंक के जरिए सुनवाई में भाग लिया। इकतीस वर्ष के गुणतिलका को रविवार को तड़के गिरफ्तार किया गया था। दो नवंबर को एक महिला के कथित यौन उत्पीड़न के मामले की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।

‘सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड’ की रिपोर्ट के अनुसार सुनवाई में वर्चुअल उपस्थिति के दौरान गुणतिलका को हथकड़ी पहनाई गई थी। उसने सफेद रंग की टीशर्ट और नीली जींस पहन रखी थी। रिपोर्ट में कहा गया है कि उसके वकील आनंद अमरनाथ ने सुनवाई के दौरान जमानत की अर्जी दी थी लेकिन मजिस्ट्रेट रॉबर्ट विलियम्स ने जमानत देने से इनकार कर दिया। रिपोर्ट में अमरनाथ के हवाले से कहा गया है, ‘‘निश्चित तौर पर हम सुप्रीम कोर्ट में याचिका डालने पर विचार कर रहे हैं और यह जितना संभव हो उतनी जल्दी किया जाएगा। निश्चित तौर पर वह निराश होगा।’’

श्रीलंका की टीम शनिवार को टी-20 विश्व कप से बाहर होने के बाद गुणतिलका के बिना स्वदेश रवाना हो गई थी। अमरनाथ ने कहा की वह जानते हैं कि उनकी टीम के कुछ अधिकारी अभी ऑस्ट्रेलिया में हैं। उन्होंने इसके साथ ही कहा कि गुणतिलका का ऑस्ट्रेलिया में परिवार नहीं है।

गुणतिलका पहले दौर में नामीबिया के खिलाफ खेला था और वह खाता खोले बिना आउट हो गया था। इसके बाद वह चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गया था। श्रीलंकाई टीम ने सुपर 12 चरण के लिये क्वालीफाई किया लेकिन गुप एक में चौथे स्थान पर रही।

स्थानीय मीडिया के अनुसार गुणतिलका और महिला ऑनलाइन डेटिंग ऐप के जरिए पिछले कई दिनों से एक दूसरे के संपर्क में थे। इस खिलाड़ी को स्थानीय समयानुसार तड़के एक बजे सिडनी के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। उस समय श्रीलंका की टीम स्वदेश जाने के लिए छह बजे की उड़ान पकड़ने के लिए हवाई अड्डा रवाना होने की तैयारी कर रही थी।

श्रीलंका सरकार ने श्रीलंका क्रिकेट को तत्काल जांच करने के आदेश दिए हैं। श्रीलंका क्रिकेट ने भी स्पष्ट किया कि यदि इस खिलाड़ी को दोषी पाया जाता है तो वह उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगा।

गुणतिलका का विवादों से पुराना नाता रहा है। इससे पहले 2021 में इंग्लैंड दौरे में अपने साथी कुसाल मेंडिस और निरोशन डिकवेला के साथ टीम के जैव सुरक्षित वातावरण का उल्लंघन करने के कारण श्रीलंका बोर्ड ने उसे एक साल के लिए निलंबित कर दिया था।

बोर्ड ने 2018 में भी टीम के नियमों का उल्लंघन करने पर छह माह के लिए प्रतिबंधित कर दिया था। उसी वर्ष गुणतिलका को निलंबन झेलना पड़ा था क्योंकि उसके एक अज्ञात दोस्त पर नार्वे की महिला के साथ बलात्कार करने का आरोप लगा था। बोर्ड ने 2017 में भी अभ्यास सत्र में नहीं आने और एक मैच के लिए क्रिकेट के अपने सामान के बिना पहुंचने पर गुणतिलका को सीमित ओवरों के छह मैचों के लिए निलंबित कर दिया था। गुणतिलका ने श्रीलंका की तरफ से आठ टेस्ट, 47 वनडे और 46 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker