GlobelNational

राहुल की भारत जोड़ो यात्रा ने मध्यप्रदेश में किया प्रवेश

बुरहानपुर, 23 नवंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा ने आज सुबह महाराष्ट्र से मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले में प्रवेश किया। यात्रा चार दिसंबर तक इस राज्य में रहेगी और आगरमालवा जिले से राजस्थान में प्रवेश करेगी। श्री गांधी सुबह महाराष्ट्र के जलगांव जामोड़ से से बुरहानपुर जिले के बोदरेली गांव पहुंचे। वहां पर बंजारा नृत्य के माध्यम से श्री गांधी का स्वागत किया गया। इस अवसर पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।

इसके बाद श्री गांधी पदयात्रा के रूप में बोदरेली गांव से भी आगे बढ़ गए और यात्रा दिन में सुबह 10 बजे के आसपास बुरहानपुर जिले के जैनाबाद फाटा स्थित सेंट जेवियर इंटरनेशनल स्कूल पहुंचेगी। यहीं पर यात्रा का ‘डे कैंप’ रहेगा। यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और उनके पति राबर्ट वाड्रा भी देर रात बुरहानपुर जिले में पहुंचेंगे। प्रियंका पहले इंदौर आएंगी और फिर सड़क मार्ग से बुरहानपुर पहुंचेंगी। वे 24 और 25 नवंबर को यात्रा में शामिल होने के बाद 26 नवंबर को वापस लौट जाएंगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, अरुण यादव, सुरेश पचौरी और अनेक नेता व पदाधिकारी यहां डेरा डाले हुए हैं।

श्री गांधी राज्य में 12 दिनों के दौरान लगभग 380 किलोमीटर की दूरी तय कर आगरमालवा जिले से राजस्थान में 04 दिसंबर को प्रवेश कर जाएंगे। श्री गांधी इस दौरान बुरहानपुर के अलावा खरगोन,खंडवा, इंदौर, उज्जैन और आगरमालवा जिलों से भी निकलेंगे। श्री गांधी बुरहानपुर जिले के बाद खंडवा जिले के झिरी जाएंगे। इसके अगले दिन यात्रा 24 तारीख को खंडवा को बोरगांव से खरगोन के खेरड़ा तक जाएगी। 25 तारीख को श्री गांधी खेरड़ा से मोरटक्का तक की यात्रा करेंगे।

शनिवार 26 नवंबर को श्री गांधी की यात्रा इंदौर जिले में प्रवेश करेगी। यहां वे डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू जाएंगे। इसके अगले दिन श्री गांधी महू से इंदौर तक की यात्रा करेंगे। 28 तारीख को यात्रा का विश्राम तय किया गया है। श्री गांधी 29 तारीख को इंदौर शहर से सांवेर जाएंगे। 30 तारीख को यात्रा सांवेर से उज्जैन जिले में प्रवेश कर एक तारीख को भी उज्जैन में ही रहेगी। दो दिसंबर को यात्रा की शुरुआत उज्जैन के झालरा से होगी।

यहां से श्री गांधी आगर-मालवा के कासी बरदिया पहुंचेंगे। तीन दिसंबर को श्री गांधी इसी जिले के महूदिया से लालाखेड़ी तक का सफर तय करेंगे। चार तारीख को यात्रा लालाखेड़ी से राजस्थान के झालावाड़ जिले में प्रवेश करेगी। श्री गांधी की भारत जोड़ो यात्रा सात सितंबर को कन्याकुमारी से प्रारंभ हुयी है, जो विभिन्न राज्यों से होती हुयी आज मध्यप्रदेश में पहुंची है। वे कुल 150 दिनों की यात्रा के बाद कश्मीर तक जाएंगे। कुल 3570 किलोमीटर की दूरी इस दौरान तय की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker