GlobelNational

प्रधानमंत्री मोदी ने प्रकाश सिंह बादल के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की (अपडेट)

चंडीगढ़, 26 अप्रैल (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को यहां शिरोमणि अकाली दल (शिअद) कार्यालय में पंजाब के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के अंतिम दर्शन कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

शिरोमणि अकाली दल के संरक्षक बादल को सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद 16 अप्रैल को मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उन्होंने मंगलवार रात करीब आठ बजे अंतिम सांस ली। वह 95 वर्ष के थे।

चंडीगढ़ पहुंचने के बाद मोदी सीधे शिअद कार्यालय पहुंचे। पंजाब के राज्यपाल बनवारी लाल पुरोहित और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर भी उनके साथ थे।

प्रधानमंत्री ने बादल के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की और फिर शिअद प्रमुख सुखबीर सिंह बादल के बगल में बैठे। प्रधानमंत्री सुखबीर सिंह बादल का हाथ थामे शिअद प्रमुख के पिता के निधन पर दुख व्यक्त करते नजर आए। मोदी कुछ मिनटों के लिए शिअद कार्यालय में रुके।

पंजाब की राजनीति में सात दशक से अधिक समय तक रहे प्रकाश सिंह बादल का पार्थिव शरीर यहां पार्टी कार्यालय में कुछ घंटों के लिए रखा गया है ताकि लोग और राजनीतिक नेता उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें।

मोदी के वहां से रवाना होने के तुरंत बाद बादल के पार्थिव शरीर को मुक्तसर में उनके पैतृक गांव ले जाया गया जहां आज बृहस्पतिवार दोपहर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

मोदी ने मंगलवार को बादल के निधन को ‘‘व्यक्तिगत क्षति’’ बताते हुए कहा था कि वह (बादल) भारतीय राजनीति की एक महान शख्सियत थे, जिन्होंने देश के विकास में अहम योगदान दिया।

मोदी ने ट्वीट किया, ‘‘प्रकाश सिंह बादल के निधन से अत्यंत दुखी हूं। वह भारतीय राजनीति के एक विशाल व्यक्तित्व और एक उल्लेखनीय राजनेता थे। उन्होंने हमारे राष्ट्र के विकास में अहम योगदान दिया। उन्होंने पंजाब की प्रगति के लिए अथक प्रयास किए और महत्वपूर्ण समय के दौरान राज्य को नेतृत्व प्रदान किया।’’

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘मुझे उनके साथ हुई कई बातचीत याद है, जिसमें उनका विवेक हमेशा स्पष्ट रूप से झलकता था। उनके परिवार और अनगिनत समर्थकों के प्रति संवेदना।’’

पंजाब के वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा, पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस, इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के सुप्रीमो और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला, इनेलो नेता अभय सिंह चौटाला, गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और पंजाब की पूर्व मुख्यमंत्री राजिंदर कौर भट्टल, शिअद नेता बिक्रम सिंह मजीठिया, प्रेम सिंह चंदूमाजरा, बलविंदर सिंह भुंडर सहित कई नेताओं ने दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि दी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker