GlobelNational

राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आज भी बारिश का पूर्वानुमान, यमुना नदी उफान पर

-दिल्ली में जुलाई का कोटा पूरा, 33 घंटे में हुई 259 मिलीमीटर बरसात

नई दिल्ली, 10 जुलाई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (दिल्ली एनसीआर) में आज (सोमवार) भी बरसात होने का पूर्वानुमान और येलो अलर्ट जारी किया है। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार रात से रुक-रुक कर भारी बारिश हो रही है। यमुना नदी उफान पर है। बरसात ने जुलाई का कोटा पूरा कर दिया है। इसी के साथ इस मानसून सीजन की बरसात का आंकड़ा सामान्य से अधिक पहुंच चुका है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शनिवार सुबह साढ़े आठ बजे से रविवार शाम साढ़े पांच बजे तक दिल्ली में 258.8 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है। यह पूरे जुलाई माह की सामान्य वर्षा 195.8 मिलीमीटर की तुलना में 30 प्रतिशत अधिक है। दिल्ली में शनिवार सुबह 8ः30 बजे से रविवार सुबह 8:30 बजे तक 24 घंटे की अवधि में 153 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। 25-26 जुलाई 1982 के बाद से यह एक दिन में हुई सबसे अधिक वर्षा है। अधिकारियों ने कहा है कि 1958 के बाद यानी 66 वर्षों में जुलाई में एक दिन में होने वाली तीसरी सबसे अधिक वर्षा है। रविवार सुबह 8ः30 बजे से शाम 5ः30 बजे तक कुल 105.8 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। एक जून से अभी तक दिल्ली में 120 मिलीमीटर की तुलना में 292.7 मिलीमीटर वर्षा हुई है।

विभाग के अधिकारियों ने कहा है कि आज दिल्ली के कुछ इलाकों में तेज बरसात हो सकती है। राष्ट्रीय राजधानी में बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 31 और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। कल (मंगलवार) से 15 जुलाई तक हल्की वर्षा होने की संभावना है। बरसात का असर तापमान में भी देखने को मिल रहा है। रविवार को अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह सामान्य से 6 डिग्री सेल्सियस कम है। न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस कम 25.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker