GlobelNational

हरियाणा चुनाव: कांग्रेस ने नौ और उम्मीदवारों के नाम घोषित किए

नयी दिल्ली, 09 सितंबर (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को नौ उम्मीदवारों की सूची जारी की, जिसके अनुसार उचाना कलां से बृजेंद्र सिंह और गुरुग्राम से मोहित ग्रोवर को मैदान में उतारा गया है।

इस सूची के साथ, कांग्रेस ने 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए कुल 41 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बृजेंद्र सिंह और ग्रोवर के अलावा कांग्रेस ने थानेसर से अशोक अरोड़ा, गन्नौर से कुलदीप शर्मा, टोहाना से परमवीर सिंह, तोशाम से अनिरुद्ध चौधरी, महम से बलराम दांगी, नांगल चौधरी से मंजू चौधरी और बादशाहपुर से वर्धन यादव को मैदान में उतारा है।

कांग्रेस ने इस चुनाव के लिए शुक्रवार को 32 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी जिसमें राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को गढ़ी सांपला-किलोई, प्रदेश इकाई के प्रमुख उदयभान को होडल सीट और पहलवान विनेश फोगाट को जुलाना से उम्मीदवार बनाया गया।

कांग्रेस ने पहले 31 उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, लेकिन थोड़ी देर बाद सीईसी ने एक बयान में कहा कि पार्टी ने इसराना सीट (सुरक्षित) से बलबीर सिंह को प्रत्याशी बनाया है।

सिंह इसराना सीट से मौजूदा विधायक हैं।

कांग्रेस ने अपने सभी 28 विधायकों को पुन: उम्मीदवार बनाया है।

कांग्रेस ने मेवा सिंह को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ लाडवा से मैदान में उतारा है।

कांग्रेस हरियाणा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी (आप) के साथ सीट बंटवारे पर भी बातचीत कर रही है ।

कुछ कांग्रेस नेताओं ने अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी के साथ गठबंधन पर आपत्ति जताई है।

हरियाणा की 90 विधानसभा सीट पर एक चरण में पांच अक्टूबर को मतदान होगा और मतों की गिनती आठ अक्टूबर को होगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker