मोदी जी की नीतियों से प्रभावित मुसलमान, कांग्रेस की राजनीति का हुआ अंत: फैयाज अहमद
देहरादून: उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव का प्रचार अभियान चरम पर है। सभी दलों के प्रत्याशी अपने-अपने क्षेत्रों में डोर-टू-डोर कैंपेन चला रहे हैं। इसी कड़ी में मुस्लिम बहुल क्षेत्र में मोदीसेना संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष फैयाज अहमद ने भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों की तारीफ करते हुए कहा कि देशभर में मोदी जी की जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता का भरपूर समर्थन मिल रहा है।
फैयाज अहमद ने कहा, “मुसलमान अब जागरूक हो चुका है। वह समझ चुका है कि कांग्रेस ने 60 साल तक उसे सिर्फ वोट बैंक की तरह इस्तेमाल किया। सच्चर कमेटी की रिपोर्ट कांग्रेस के शासनकाल में आई, लेकिन उसके बाद भी मुसलमानों के शिक्षा, रोजगार, और विकास पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। अब मुसलमान प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में विश्वास और विकास की राह पर चल रहा है।”
उन्होंने आगे कहा कि बिना भेदभाव के मोदी सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास की नीति को जमीन पर उतारा है। यही वजह है कि मुसलमान अब भाजपा के साथ खड़ा है।
कांग्रेस की राजनीति पर प्रहार
फैयाज अहमद ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, “कांग्रेस की मोहब्बत की दुकान अब बंद हो चुकी है। उनकी राजनीति खत्म हो चुकी है। यही कारण है कि कांग्रेस के बड़े नेता भाजपा में शामिल हो रहे हैं। भाजपा में हर किसी को सम्मान और समान अवसर मिल रहे हैं।”
फैयाज अहमद ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि उत्तराखंड प्रगति के पथ पर है। उन्होंने विश्वास जताया कि निकाय चुनावों में भाजपा मेयर, नगर पालिका अध्यक्ष, और पार्षद पदों पर भारी मतों से जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने मुस्लिम समुदाय से अपील करते हुए कहा कि वे भाजपा की नीतियों और विकास के मॉडल को अपनाएं और आगामी चुनाव में भाजपा के प्रत्याशियों को समर्थन देकर उत्तराखंड की प्रगति में भागीदार बनें।
फैयाज अहमद ने कहा कि भाजपा की जनकल्याणकारी योजनाओं और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व के प्रति जनता का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। मुसलमान अब भाजपा की विचारधारा के साथ खड़ा है और यही बदलाव देश के विकास की दिशा तय करेगा।
उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव के नतीजे बताएंगे कि जनता ने किसे अपनी उम्मीदों का नेता चुना, लेकिन भाजपा अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आश्वस्त नजर आ रही है।