GlobelNational

न्यायमूर्ति भुइयां, भट्टी ने ली सुप्रीम कोर्ट न्यायाधीश पद की शपथ

नई दिल्ली, 14 जुलाई (ऐजेंसी/सक्षम भारत)। न्यायमूर्ति उज्जल भुइयां और न्यायमूर्ति एस वेंकटनारायणन भट्टी ने शुक्रवार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश पद की शपथ ली।
मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने आज उच्चतम न्यायालय सभागार में दोनों न्यायाधीशों को पद की शपथ दिलायी।
इसके साथी उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीशों के कुल स्वीकृत 34 पदों के मुकाबले संख्या 32 हो गई है।
न्यायमूर्ति भुइयां का कार्यकाल दो अगस्त 2029 और न्यायमूर्ति भट्टी का कार्यकाल छह मई 2027 रहेगा।
शीर्ष अदालत के न्यायाधीश पद पर नियुक्त होने से पहले न्यायमूर्ति भुइयां तेलंगाना उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश और न्यायमूर्ति भट्टी केरल उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश थे।
गौरतलब है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने उच्चतम न्यायालय कॉलेजियम की सिफारिश पर न्यायमूर्ति भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी को पदोन्नत कर उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश 12 जुलाई को नियुक्त किया था।
शीर्ष अदालत की कॉलेजियम ने पांच जुलाई को न्यायमूर्ति भुइयां और न्यायमूर्ति भट्टी को पदोन्नत कर उच्चतम न्यायालय का न्यायाधीश बनाने की सिफारिश की थी।
उच्चतम न्यायालय में न्यायाधीश बनाने के लिए सिफारिश करने संबंधी फैसला न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली न्यायमूर्ति संजय किशन कौल, न्यायमूर्ति संजीव खन्ना, न्यायमूर्ति बी आर गवई और न्यायमूर्ति सूर्य कांत की कॉलेजियम की पांच जुलाई 2023 को हुई बैठक में लिया गया था।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Adblock Detected

Please consider supporting us by disabling your ad blocker